चीनी की घरेलू बिक्री का राज्य बार कोटा निर्धारित
30-Mar-2026 04:10 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में घरेलू बिक्री के लिए देशभर के लिए मिलर्स को 23 लाख टन चीनी का कोटा दिया है जो मार्च 2026 के कोटा 22.50 लाख टन से 50 हजार टन ज्यादा मगर अप्रैल 2025 के लिए नियत कोटा 23.50 लाख टन से 50 हजार टन कम है।
विभिन्न राज्यों के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा अलग-अलग निर्धारित किया गया है। मार्च की तुलना में अप्रैल के लिए चीनी का कोटा कुछ राज्यों में बढ़ाया गया है जबकि कुछ प्रांतों में घटाया गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 के लिए चीनी की बिक्री का कोटा आंध्र प्रदेश में 4638 टन, बिहार में 58,055 टन, छत्तीसगढ़ में 5497 टन, गुजरात में 81,437 टन, हरियाणा में 47,821 टन, कर्नाटक में 3,30,283 टन, मध्य प्रदेश में 49,558 टन, महाराष्ट्र में 8,16,908 टन, उड़ीसा में 2647 टन, पंजाब में 31,518 टन, राजस्थान में 291 टन, तमिलनाडु में 35,741 टन, तेलंगाना में 8778 टन, उत्तर प्रदेश में 7,83,367 टन और उत्तराखंड में 43,455 टन निर्धारित किया गया है।
मार्च की तुलना में अप्रैल के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान में घटाया गया है जबकि शेष अन्य राज्यों में कोटे में बढ़ोत्तरी की गई है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार चीनी का घरेलू बाजार भाव आगामी दिनों में मजबूत रहने की संभावना है। गन्ना क्रशिंग का सीजन अंतिम चरण में पहुंच गया है और अधिकांश इकाइयां बंद हो चुकी हैं। चीनी के घरेलू उत्पादन में उम्मीद के अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हुई।
इससे अत्यधिक आपूर्ति की संभावना खत्म हो गई। बढ़ती गर्मी के कारण चीनी में औद्योगिक मांग बेहतर रहने के आसार हैं।
