Home News

पाम तेल के निर्यातक देश भारत के साथ गठजोड़ के इच्छुक

09-Oct-2026 05:02 PM

पाम तेल के निर्यातक देश भारत के साथ गठजोड़ के इच्छुक

मुम्बई। इंडोनेशिया एंव मलेशिया जैसे शीर्ष परम्परागत आपूर्तिकर्ता देशों की बायोडीजल नीति के कारण भारत में पाम तेल का आयात प्रभावित होने की आशंका है जिसे देखते हुए अनेक अन्य उत्पादक एवं निर्यातक देश अब विशाल भारतीय बाजार में अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत दुनिया में पाम तेल का सबसे बड़ा आयातक देश है। अभी तक यहां सीमित देशों से आयात हो रहा था। 

दि कौंसिल ऑफ पाम ऑयल प्रोड्यूसिंग कंट्रीज (सीपीपीसी) में खाद्य तेल की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पाम तेल उत्पादन में निरन्तरता को बहाल (बरकरार) रखने और आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने के लिए भारत के साथ सहयोग बढ़ाने के अपने संकल्प की दोबारा पुष्टि की है। कौंसिल का कहना है कि पाम तेल उत्पादक देशों के लिए भारत का रणनीतिक महत्व बहुत ज्यादा है।

पाम तेल का उत्पादन इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, कोलम्बिया तथा एशिया अफ्रीका एवं दक्षिण अमरीका महाद्वीप के कई अन्य देशों में होता है। चूंकि भारत को अभी तक अपनी जरूरत का पाम तेल इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से प्राप्त हो रहा था इसलिए इसे अन्य देशों से इसका आयात करने की ज्यादा आवश्यकता नहीं पड़ रही थी।

लेकिन सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता देश- इंडोनेशिया में बायोडीजल के निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल का उपयोग का नियम लागू होने से भविष्य में वहां से इसकी आपूर्ति में भारी कमी आने की आशंका है।