Home News
07-Oct-2026 12:34 PM
चंडीगढ़। सरकारी एजेंसियों द्वारा केन्द्रीय पूल के लिए पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद आरंभ कर दी गई है। इस बार हरियाणा में 29 सितम्बर से खरीद की अनुमति दी गई जबकि पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश में 1 अक्टूबर से धान खरीदने की प्रक्रिया शुरू हुई। फिलहाल खरीद की गति धीमी है लेकिन जल्दी ही इसकी रफ्तार तेज होने की संभावना है।
केन्द्र सरकार द्वारा 2026-27 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर कुल 719.50 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 2,73,356 टन की खरीद 5 अक्टूबर तक हो सकी। यह 1,83,148 टन चावल के समतुल्य है।
ज्ञात हो कि सरकार ने धान की खरीद का जो कुछ लक्ष्य नियत किया है वह 482.30 लाख टन चावल के बराबर है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं तमिलनाडु जैसे राज्यों में धान की अगैती खेती होती है। इसलिए इसकी कटाई-तैयारी भी अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों से पहले ही शुरू हो जाती है।
5 अक्टूबर तक जो 1,82,973 टन चावल के समतुल्य धान की खरीद हुई है इसमें तमिलनाडु का योगदान सबसे अधिक है। हिमाचल प्रदेश में 165 टन तथा पंजाब में 10 टन चावल खरीदा गया है। तमिलनाडु में सितम्बर के दूसरे पखवाड़े से ही धान की खरीद शुरू हो गई थी।
आगामी समय में छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, बिहार एवं मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में धान की खरीद होने लगेगी। देश के लगभग सभी राज्यों में धान की खेती होती है।