Home News
07-Oct-2026 01:35 PM
वैंकुवर। कनाडा से 2026-27 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के प्रथम माह यानी अगस्त- 2026 में मसूर के निर्यात शिपमेंट की गति कुछ धीमी रही। अगस्त में मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ तो हुई मगर बेमौसमी वर्षा के कारण इसमें अक्सर रूकावट आती है। कनाडा में इस बार मसूर के उत्पादन में भारी गिरावट आने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन विशाल पिछले स्टॉक के कारण इसकी कुल उपलब्धता में ज्यादा कमी नहीं आएगी।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों के अनुसार जुलाई में कनाडा से 1,56,633 टन मसूर का निर्यात हुआ था जो अगस्त में करीब 46 प्रतिशत लुढ़ककर 84,753 टन पर अटक गया। लेकिन यह मात्रा अगस्त 2025 के कुल निर्यात 35,984 टन से काफी अधिक रही।
अगस्त 2026 के दौरान भारत कनाडाई मसूर का सबसे बड़ा खरीदार रहा जिसने 32,707 टन का आयात किया। इसके बाद 6522 टन के आयात के साथ अल्जीरिया दूसरे तथा 5913 टन के आयात के साथ अमरीका तीसरे नंबर पर रहा। मसूर की शेष मात्रा का निर्यात अन्य देशों को किया गया।
जहां तक काबुली चना का सवाल है तो कनाडा से अगस्त में इसका निर्यात 19,255 टन दर्ज किया गया जो जुलाई के शिपमेंट 19,301 टन के काफी करीब लेकिन अगस्त 2025 के निर्यात 12,926 टन से काफी अधिक था।
अगस्त 2026 में कनाडा से पाकिस्तान को सबसे ज्यादा 4879 टन काबुली चना भेजा गया जबकि अमरीका को 4119 टन और पुर्तगाल को 2099 टन काबुली चना का निर्यात हुआ। शेष निर्यात अन्य देशों को किया गया।