मक्का तथा जौ की बिजाई में अच्छी बढ़ोत्तरी
28-Jan-2026 01:42 PM
नई दिल्ली। हालांकि पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान ज्वार के बिजाई क्षेत्र में करीब 1.20 लाख हेक्टेयर की गिरावट आ गई
लेकिन मक्का का उत्पादन क्षेत्र में 2.85 लाख हेक्टेयर, जौ के क्षेत्रफल में 1.30 लाख तथा रागी के रकबे में 27 हजार हेक्टेयर का इजाफा होने से मोटे अनाजों का कुल उत्पादन क्षेत्र 57.45 लाख हेक्टेयर से 3.25 लाख हेक्टेयर बढ़कर 60.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल रबी सीजन में ज्वार का उत्पादन क्षेत्र 24.22 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा था जो चालू सीजन में घटकर 23.01 लाख हेक्टेयर रह गया।
दूसरी ओर इसी अवधि में मक्का का बिजाई क्षेत्र 26.21 लाख हेक्टेयर से उछलकर 29.05 लाख हेक्टेयर, जौ का क्षेत्रफल 6.08 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 7.37 लाख हेक्टेयर तथा रागी का रकबा 70 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 97 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया।
इसके अलावा सीमित क्षेत्रफल में स्मॉल मिलेट्स की भी खेती हुई। उपरोक्त आंकड़ा 23 जनवरी तक का है। मक्का और जौ की बिजाई में किसानों ने अच्छी दिलचस्पी दिखाई।
प्रमुख उत्पादक राज्यों में मौसम की हालत सामान्य होने से फसल की प्रगति निर्बाध ढंग से हो रही है और उत्पादन में सुधार आने की उम्मीद है कुछ राज्यों में हाल की बारिश में फसलों को फायदा होने की संभावना है।
