मक्का का वैश्विक स्टॉक 3083.50 लाख टन रहने का अनुमान

13-Sep-2024 05:43 PM

वाशिंगटन । अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मक्का का वैश्विक  बकाया स्टॉक 30.835 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है जो पिछले अनुमान से 18.20 लाख टन कम है।

दक्षिण अमरीका महाद्वीप में मक्का के उत्पादन अनुमान 2023-24 सीजन के लिए 7 लाख टन बढ़ाकर 11.572 करोड़ टन नियत किया है। लैटिन अमरीकी देशों में मक्का की बिजाई शुरू हो गई है। 

उस्डा के मुताबिक एक निर्यातक द्वारा 2024-25 सीजन की फसल के करीब 1.19 लाख टन मक्का का निर्यात अनुबंध किसी अज्ञात देश के साथ किया गया है।

अमरीका में मक्का की नई फसल की कटाई-तैयारी शीघ्र ही शुरू होने की संभावना है। वहां साप्ताहिक निर्यात बिक्री 6.66 लाख टन से ऊपर पहुंचने की सूचना है। यह आगामी सीजन की फसल के मक्के का निर्यात अनुबंध है जिसका शिपमेंट अगले महीने से शुरू हो सकता है। 

उल्लेखनीय है कि उद्योग-व्यापार समीक्षकों ने 5 सितम्बर को समाप्त 50 सप्ताह के दौरान 7 से 16 लाख टन के बीच अमरीकी मक्के का निर्यात अनुबंध होने का अनुमान लगाया था मगर यह इससे काफी पीछे रह गया।

पिछले मार्केटिंग सीजन के दौरान हुए निर्यात अनुबंध में से करीब 14.50 लाख टन मक्का का शिपमेंट होना अभी बाकी है और ऐसा प्रतीत होता है कि इसे भी अगले महीने भेजा जाएगा।

इससे मिलाकर चालू फसल वर्ष में अब तक 133.60 लाख टन मक्का का निर्यात सौदा हो चुका है। ब्राजील में मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क बना हुआ है जिससे मक्का की बिजाई की गति धीमी चल रही है।