महाराष्ट्र में 23 जून के आसपास मानसून बढ़ सकता है आगे
20-Jun-2026 12:53 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि करीब दो सप्ताहों के ठहराव के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब 23 जून के आसपास देश के पश्चिमी भाग में आगे बढ़ सकता है क्योंकि मौसमी परिस्थितियां अनुकूल होने लगी है।
महाराष्ट्र में बारिश की कमी से अरहर, सोयाबीन, कपास एवं अन्य खरीफ फसलों की बिजाई की गति बहुत धीमी है और राज्य सरकार की ओर से किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे फसलों की खेती में जल्दबाजी न दिखाएं तथा मानसून की अच्छी वर्षा का इंतजार करें।
मानसून का पश्चिमी ट्रफ 8 जून से ही महाराष्ट्र के सोलापुर तथा हरनई में स्थिर अवस्था में पड़ा हुआ है लेकिन अगले सप्ताह से इसके न केवल आगे बढ़ने बल्कि ज्यादा सक्रिय होने की भी उम्मीद है। मानसून के ट्रफ का विस्तार तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड एवं बिहार तक होने के आसार हैं।
पूर्वी सिरा बंगाल तथा सिक्किम तक पहले ही पहुंच चुका है। छत्तीसगढ़ के कुछ भागों में भी बारिश होने की संभावना है। वर्तमान समय में मानसून का एक ट्रफ हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबनी, रांची, मुजफ्फरपुर एवं जमुई से होकर गुजर रहा है।
