क्या किशमिश का भाव बनेगा 500 रुपए ?
26-Jun-2025 07:08 PM

नई दिल्ली। वर्तमान में किशमिश के भाव नित नई ऊंचाई की तरफ बढ़ रहे हैं और विगत एक सप्ताह के दौरान कीमतों में 90/100 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि आई ग्रेन इंडिया ने अपने पाठकों को समय-समय पर जानकारी देते हुए सुझाव दिया था कि किशमिश की कीमतों में मन्दा नहीं है और किशमिश नया रिकॉर्ड भाव बनाएगी। वर्तमान में सांगली एवं तासगांव मंडी में किशमिश का भाव 410/430 रुपए पर बोला जाने लगा है। जोकि अब तक के इतिहास में सर्वोच्च भाव है।
जानकर सूत्रों का कहना है कि दूसरे वर्ष भी उत्पादन घटने के कारण पूर्व में ही धारणा बन गई थी कि इस वर्ष किशमिश की कीमतों में मंदा नहीं रहेगा। वर्तमान में बाजार में सट्टेबाजी पूरे जोरों पर चल रही है। जिस कारण से भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। ऊंचे भावों पर हाजिर व्यापार कम है। सूत्रों का मानना है कि आगामी सीजन में खपत के सीजन में किशमिश के भाव ओर बढ़ सकते हैं। कुछ व्यापारियों का मानना है कि आगामी दिनों में किशमिश के भाव 500 रुपए का स्तर छू सकते हैं क्योंकि कुल उत्पादन का 50 प्रतिशत माल मंडियों में आ चुका है और जो माल बचा है वह मजबूत हाथों में है साथ ही नए मालों की आवक फरवरी-मार्च माह में होगी।
आवक बढ़ी
लगातार बढ़ती कीमतों के कारण मंडियों में आवक बढ़नी शुरू हो गई है। चालू माह के शुरू में सांगली एवं तासगांव मंडी में किशमिश की आवक 35/40 मोटर की हो रही थी जोकि वर्तमान में बढ़कर 75/80 मोटर की हो गई है।
मुनाफावसूली बिकवाली
सूत्रों का मानना है कि भाव काफी बढ़ जाने के कारण बाजार में मुनाफावसूली बिकवाली आ सकती है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए भाव 20/30 रुपए घट सकते हैं। लेकिन तत्पश्चात कीमतों में फिर तेजी शुरू हो जाएगी। एक अनुमान के अनुसार गत वर्ष जून माह के दौरान उत्पादक केन्द्रों को मंडियों पर किशमिश के भाव 160/180 रुपए प्रति किलो चल रहे थे जोकि वर्तमान में 410/430 रुपए बोले जा रहे हैं।
उत्पादन कम
दूसरे वर्ष भी देश में किशमिश की पैदावार कम रहने के समाचार है। किशमिश का मुख्यत: उत्पादन महाराष्ट्र में होता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में देश में किशमिश का उत्पादन 22/24 हजार गाड़ी का रहा था जोकि वर्ष 2024 में घटकर 18/20 हजार गाड़ी एवं वर्ष 2025 में 14/16 हजार गाड़ी का रह गया। इसके अलावा बकाया स्टॉक भी कम रहा। वर्ष 2024 में नई फसल के समय किशमिश का बकाया स्टॉक 2.5/3 हजार गाड़ी का था जोकि वर्ष 2025 में 500/600 गाड़ी का माना गया था।
भाव
वर्तमान हालात को देखते हुए कीमतों में अधिक मन्दा संभव नहीं है मुनाफावसूली बिकवाली आने पर भावों में 20/30 रुपए की गिरावट आ सकती है जोकि अल्पकाल के लिए होगी। तत्पश्चात कीमतों में फिर तेजी शुरू हो जाएगी। क्योंकि नई फसल आने में 9/8 माह का समय शेष है। साथ ही स्टॉक भी कम है। वर्तमान में दिल्ली बाजार में किशमिश के क्वालिटीनुसार भाव 350/450 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे है।
निर्यात
चालू सीजन के दौरान भाव ऊंचे होने के कारण वर्ष 2025-26 के दौरान किशमिश का निर्यात घटने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 (अप्रैल-मार्च) के दौरान किशमिश का निर्यात 47750 टन का हुआ था जोकि वर्ष 2024-25 में घटकर 46738 टन का रह गया। मार्च-2024 की तुलना में मार्च 2025 में किशमिश का निर्यात कम रहा। मार्च- 2024 में किशमिश का निर्यात 4541 टन का रहा था जबकि मार्च - 2025 में केवल 1795 टन का निर्यात किया गया।