किसानों को सीधे उपभोक्ताओं को अपना उत्पाद बेचने की अनुमति देने का प्लान
27-Jan-2025 06:03 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि सरकार किसानों को सीधे अपना उत्पाद उपभोक्ताओं को बेचने की अनुमति देने का प्लान बना रही है और इसके लिए एक मॉडल तैयार करने पर काम कर रही है ताकि बिचौलिया की भूमिका को घटाया जा सके और किसानों को बेहतर आमदनी प्राप्त हो सके।
'खेत से उपभोक्ता तक' नामक इस मॉडल का उद्देश्य किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना भारत के विकास में उल्लेखनीय योगदान देना है।
गणतंत्र दिवस परेड के बाद पूसा कैम्पस में लगभग 400 किसानों के साथ बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादों को किसान यदि बिचौलियों के बजाए सीधे उपभोक्ताओं को अपना उत्पाद बेचेंगे तो उन्हें अधिकतम मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
उनका कहना था कि कृषि क्षेत्र भारतीय अर्थ व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है और किसान उसकी आत्मा है। किसानों के बगैर भारत समृद्ध नहीं हो सकता है।
हालांकि कृषि राज्यों का विषय है लेकिन केन्द्र इसमें किसानों को व्यापक रूप से सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन देता रहेगा।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का कहना था कि कृषि क्षेत्र तथा कृषक समुदाय का योगदान भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्यों के साथ-साथ केन्द्र भी इस क्षेत्र की हर संभव सहायता करता रहेगा। भारत एक कृषि प्रधान देश है और करोड़ों किसानों की आजीविका का प्रमुख स्रोत कृषि क्षेत्र ही है।
किसानों को उसकी उपज का लाभप्रद मूल्य प्राप्त होगा, तभी खेती-बाड़ी के प्रति उसका उत्साह एवं आकर्षण बरकरार रहेगा।
सरकार चाहती है कि किसानों को अपना उत्पाद कहीं भी बेचने की पूरी स्वतंत्रता मिले और उसे बिचौलियों के चंगुल में फंसने के लिए विवश न होना पड़े। सरकार भी समर्थन मूल्य पर उसके उत्पादों की खरीद करती रहेगी।
