केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न के स्टॉक में बढ़ोत्तरी

27-May-2024 10:38 AM

नई दिल्ली । रबी कालीन गेहूं एवं धान की खरीद प्रक्रिया जारी रहने से केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का स्टॉक 16 मई 2024 को बढ़कर 612.26 लाख टन पर पहुंच गया जो 1 मई को 578. 62 लाख टन तथा 1 मई 2023 को 555.34 लाख टन था।

1 मई 2024 की तुलना में 16 मई 2024 को चावल का स्टॉक 319.07 लाख टन से सुधरकर 320.59 लाख टन तथा गेहूं का स्टॉक 259.55 लाख टन से बढ़कर 291.67 लाख टन पर पहुंच गया।

लेकिन दूसरी ओर धान का स्टॉक 283.33 लाख टन घटकर 270.14 लाख टन तथा मोटे अनाजों का स्टॉक 4.57 लाख टन से गिरकर 4.28 लाख टन पर सिमट गया।

गेहूं की सरकारी खरीद 2023 में 262 लाख टन हुई थी जबकि चालू वर्ष में उससे आगे निकल गई है। अधिकांश प्रमुख उत्पादक राज्यों में सरकारी क्रय केन्द्रों पर बहुत कम मात्रा में गेहूं पहुंच रहा है जिसे देखते हुए समीक्षकों का कहना है कि जल्दी ही केन्द्रीय पूल के लिए इसकी खरीद का अभियान समाप्त हो सकता है। 

जहां तक रबी कालीन धान का सवाल है तो इसकी सरकारी खरीद अभी तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिणी राज्यों में हो रही है जबकि अब उड़ीसा एवं बंगाल में भी आरंभ हो रही है।

बंगाल में 'रेमल' समुद्री चक्रवाती तूफान की वजह से धान की खरीद प्रभावित होने की आशंका है। गेहूं का कुल सरकारी स्टॉक 300 लाख टन के आसपास पहुंच गया है।

खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत अगले महीने से गेहूं की बिक्री आरंभ करने पर विचार किया जा सकता है।