कनाडा में मटर की सीजनल मांग एवं कीमत कमजोर

30-Apr-2026 12:39 PM

रेगिना। सीजनल कारणों से पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मटर की मांग एवं कीमत नरम देखी जा रही है। पीली मटर का कारोबार 8.40-8.50 डॉलर प्रति बुशेल के मूल्य स्तर पर हो रहा है जबकि हरी मटर का डिलीवरी मूल्य 10 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास बताया जा रहा है। मापले मटर 11.00-12.00 डॉलर प्रति बुशेल के मूल्य स्तर पर स्थिर बनी हुई है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार मटर के निर्यात परिदृश्य में कुछ सुधार आया है और चीन तथा भारत में उसकी मांग बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

उधर रूस में मटर का बिजाई क्षेत्र बढ़ने की संभावना है जिससे वहां उत्पादन बढ़ सकता है। इसके फलस्वरूप वैश्विक निर्यात बाजार और खासकर चीन तथा भारत में कनाडा को रूस की कठिन प्रतिस्पर्धा तथा सख्त चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। 

कनाडा में मटर की बिजाई आरंभ हो चुकी है और मौसम की हालत काफी हद तक अनुकूल है। इसकी अगली नई फसल अगस्त से तैयार होकर मंडियों में आने लगेगी।

नए मार्केटिंग सीजन के आरंभ में वहां मटर का भारी-भरकम पिछला बकाया स्टॉक मौजूद रहने की संभावना है। अगली फसल की खरीद-बिक्री के लिए अग्रिम अनुबंध हो रहे हैं। इसमें पीली मटर का भाव 7-8 डॉलर प्रति बुशेल, हरी मटर का करीब 9 डॉलर तथा मापले मटर का दाम 10.00-11.50 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है।