'कलबुर्गी पल्सेस' नाम से दलहनों के नए ब्रांड की शुरुआत

30-Apr-2026 01:54 PM

कलबुर्गी। कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में किसानों की आमदनी बढ़ाने तथा रोजगार के नए अवसरों का निर्माण करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन तथा कृषि विभाग ने संयुक्त रूप से 'कलबुर्गी पल्सेस' नाम से दलहनों के एक नए ब्रांड का शुभारम्भ किया है। कलबुर्गी (गुलबर्गा) कर्नाटक में दलहन और खासकर अरहर (तुवर) का सबसे प्रमुख उत्पादक जिला है। 

इस स्कीम के अंतर्गत जिले के किसानों को स्वयं दलहनों की प्रोसेसिंग, ग्रेडिंग एवं पैकिंग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है और उसे सीधे बाजार तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।

इसी तरह किसानों को रोजगार का अवसर प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन तथा कृषि विभाग सामने आया है और दलहनों के लिए बाजार का निर्माण किया जा रहा है। वहां तुवर सहित अन्य दलहनों को कलबुर्गी पल्सेस ब्रांड नाम से खरीदा और बेचा जा रहा है। 

शुरूआती चरण में जिला के 50,000 किसानों को इस स्कीम में शामिल करने की योजना बनाई गई है और उसे दलहन फसलों की कटाई से लेकर बिक्री तक के स्तर पर तमाम सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में पहले से ही 1000 स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) तथा 35 फार्मर्स प्रोड्यूसर्स ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) क्रियाशील हैं और उसमें पंजीकृत किसानों को इस स्कीम में शामिल करने का इरादा है। कलबुर्गी जिले में करीब 60-65 लाख क्विंटल दलहन का उत्पादन होता है।