कम स्टॉक एवं मजबूत मांग से कर्नाटक में चावल का भाव तेज

12-May-2026 04:52 PM

मैसूर। पिछला बकाया स्टॉक कम रहने, निर्यात प्रदर्शन बेहतर होने तथा उपभोक्ता मांग में वृद्धि होने से कर्नाटक की मंडियों में खासकर 'ए' ग्रेड चावल का भाव औसतन करीब 10 प्रतिशत बढ़ गया है। कर्नाटक से इस बार विदेशों में अच्छी खासी मात्रा में चावल का निर्यात किया गया। 

प्रीमियम क्वालिटी के बासमती चावल तथा जीरा चावल के दाम में अधिक बढ़ोत्तरी हुई है। प्राप्त सूचना के अनुसार बासमती चावल का औसत मूल्य 90 रुपए से बढ़कर 115 रुपए प्रति किलो और जीरा चावल का भाव 180 रुपए से उछलकर 220 रुपए प्रति किलो के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है। इसके साथ-साथ सामान्य श्रेणी के चावल के दाम में भी बढ़ोत्तरी हुई है। इसके अंतर्गत सोना मसूरी चावल का मूल्य 40 रुपए से सुधरकर 45 रुपए प्रति किलो तथा बुलेट चावल का भाव 65 रुपए से बढ़कर 75 रुपए प्रति किलो हो गया है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार मांग तथा आपूर्ति के बीच बनने वाले समीकरण के आधार पर चावल की कीमतों में अगैती उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है। धारणा मजबूती की बनी रहेगी। हालांकि हाल के वर्षों में कर्नाटक में गेहूं उत्पादों से निर्मित खाद्य पदार्थों की खपत में वृद्धि हुई है मगर फिर भी चावल अधिकांश लोगों का मुख्य खाद्य आहार है और वहां इसका अच्छा उत्पादन भी होता है।