जनवरी के प्रथम पखवाड़े में मलेशियाई पाम तेल के निर्यात में 1.50 लाख टन से ज्यादा की गिरावट
15-Jan-2025 03:34 PM
कुआलालम्पुर । एक अग्रणी प्राइवेट कार्गो सर्वेयर कम्पनी का कहना है कि कुछ प्रमुख आयातक देशों की कमजोर मांग के कारण मलेशिया से 1-15 जनवरी के दौरान पाम तेल उत्पादों के निर्यात में दिसम्बर की समान अवधि के मुकाबले 1.50 लाख टन से अधिक की भारी गिरावट आ गई।
कम्पनी के आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2024 के शुरूआती 15 दिनों की तुलना में जनवरी 2025 के आरंभिक 15 दिनों के दौरान मलेशिया से क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का निर्यात 84134 टन से घटकर 50500 टन, आर बीडी पाम तेल का निर्यात 96695 टन से गिरकर 73325 टन तथा आर बीडी पामोलीन का निर्यात 1,93,255 टन से लुढ़ककर 1,23,160 टन पर अटक गया।
इसके अलावा आर बीडी पाम स्टेरिन का निर्यात भी 90183 टन से घटकर 48608 टन तथा पाम फेट्टी एसिड डिस्टीलेट का निर्यात 24393 टन से लुढ़ककर 4000 टन पर अटक गया।
दूसरी और क्रूड पाम कर्नेल तेल का शिपमेंट 1-15 दिसम्बर के 6000 टन से उछलकर 1-15 जनवरी में 15200 टन पर पहुंच गया।
कार्गो सर्वेयर कम्पनी के अनुसार मलेशिया से 1-15 दिसम्बर 2024 के दौरान 6,60,642 टन पाम तेल उत्पादों का निर्यात हुआ था जो 1-15 जनवरी 2025 को घटकर 5,03,813 टन रह गया। इस तरह निर्यात में करीब 1.57 लाख टन की गिरावट दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया के बाद मलेशिया संसार में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है।
हाल के महीनों में वहां भाव उछलने से पाम तेल का निर्यात प्रदर्शन कमजोर पड़ा है। एम्पोब के अनुसार दिसम्बर में मलेशिया से करीब 13.42 लाख टन पाम तेल उत्पादों का निर्यात हुआ जो नवम्बर के शिपमेंट से लगभग 10 प्रतिशत कम रहा।
