ईसबगोल के भाव न्यूनतम स्तर पर

22-Aug-2025 07:10 PM

आगामी दिनों में तेजी की संभावना 

नई दिल्ली। वर्तमान में ईसबगोल के दाम अपने न्यूनतम स्तर पर बोले जा रहे हैं। वर्तमान कीमतों में अब मंदे की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में लिवाली का समर्थन मिलने पर कीमतों में तेजी की संभावना है। क्योंकि मंडियों में आवक सीमित रह गई है। वर्तमान में ईसबगोल के भाव गत वर्ष की तुलना में 20/25 रुपए प्रति किलो नीचे चल रहे हैं। 

ईसबगोल के प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान की नौखा, नागौर, मेड़ता मंडी में वर्तमान में ईसबगोल की कीमतें 95/115 रुपए प्रति किलो बोली जा रही है जबकि गुजरात ऊंझा मंडी में भाव 100/118 रुपए प्रति किलो चल रहा है। गत वर्ष इसी समयावधि में उत्पादक केन्द्रों पर ईसबगोल के भाव 130/140 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2023 में ईसबगोल का रिकॉर्ड भाव 260/270 रुपए का बन गया था। 

आवक 

वर्तमान में प्रमुख मंडी ऊंझा में ईसबगोल की दैनिक आवक 2000/2500 बोरी की रह गई है जबकि राजस्थान की मेडता, नागौर, नौखा मंडी में आवक 600/800 बोरी की चल रही है। सीजन के समय ऊंझा मंडी में आवक 23/25 हजार बोरी एवं मेडता, नागौर मंडी में आवक 10/12 हजार बोरी की हो रही थी। 

उत्पादन 

चालू सीजन के दौरान देश में ईसबगोल की पैदावार कम रही। ईसबगोल की नई फसल मार्च-अप्रैल माह में शुरू होती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान देश में ईसबगोल की पैदावार 28/30 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 70/75 किलो) होने के अनुमान लगाए गए थे जबकि वर्ष 2024 में उत्पादन 38/40 लाख बोरी का माना गया था। हालांकि चालू सीजन की पैदावार कम रही लेकिन बकाया स्टॉक अधिक होने के कारण कुल उपलब्धता अच्छी रही जिस कारण से भाव नहीं बढ़ पाए। नई फसल की आवक के समय उत्पादक केन्द्रों पर ईसबगोल का स्टॉक 7/8 लाख बोरी का माना जा रहा था। 

मंदा-तेजी 

जानकर सूत्रों का कहना है कि ईसबगोल की वर्तमान कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि भाव न्यूनतम स्तर पर आ गए हैं। इसके अलावा मंडियों में आवक भी सीमित रह गई है। सूत्रों का मानना है कि सितम्बर-अक्टूबर माह में ईसबगोल की कीमतों में 8/10 रुपए प्रति किलो की तेजी आने की संभावना है। और आगामी दिनों में भाव बढ़कर 100/125 रुपए प्रति किलो बनने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। 

निर्यात 

चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम तीन माह अप्रैल-जून- 2025 के दौरान ईसबगोल भूसी का निर्यात 16441.53 टन का हुआ है जबकि अप्रैल-जून-2024 के दौरान निर्यात 16025.24 टन का रहा था। हालांकि जून 2024 की तुलना में जून 2025 में निर्यात कम रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार जून- 2024 में निर्यात 5845.94 टन का हुआ था जबकि जून- 2025 में निर्यात 5213 टन का रहा।