कनाडा में कैनोला का निर्यात घटने की संभावना

23-Mar-2026 04:56 PM

वैंकुवर। चीन द्वारा कनाडा से 1 अगस्त 2025- 31 जनवरी 2026 के दौरान केवल 2.18 लाख टन कैनोला का आयात किया गया जबकि 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में 30.80 लाख टन का आयात किया गया था।

उल्लेखनीय है कि चीन ने पहले कनाडाई कैनोला के आयात पर 75.8 प्रतिशत का भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा दिया था मगर अब उसे घटाकर 5.9 प्रतिशत नियत कर दिया है। इसके फलस्वरूप आगामी महीनों के दौरान वहां कनाडा से अच्छी मात्रा में कैनोला का आयात होने की उम्मीद है। 

वैसे अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के दौरान कनाडा से कैनोला का निर्यात बढ़कर जापान में 7.33 लाख टन, मैक्सिको में 5.40 लाख टन तथा पाकिस्तान में 4.24 लाख टन पर पहुंच गया और जापान इसके सबसे प्रमुख खरीदार के रूप में उभरकर सामने आया लेकिन चीन की खरीद में जोरदार गिरावट आने से कनाडाई कैनोला का कुल निर्यात 18.23 लाख टन पीछे रह गया। चीन के आयात में 28.62 लाख टन की भारी कमी दर्ज की गई। 

कनाडा के कृषि मंत्रालय ने अपनी मार्च रिपोर्ट में कहा है कि चीन में आगामी समय के दौरान कैनोला के आयात की गति तेज हो सकती है जिससे कनाडाई कैनोला के कुल वार्षिक निर्यात में गिरावट घटकर 11.31 लाख टन पर सिमट सकती है।

ध्यान देने की बात है कि कनाडा दुनिया में कैनोला तथा इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है।