इंडोनेशिया ने थाईलैंड के ऑफर को नामंजूर करके वियतनाम से चावल मंगाने का निर्णय लिया
24-May-2024 05:26 PM
जकार्ता । इंडोनेशिया की खाद्यान्न खरीद एजेंसी- बुलॉंग द्वारा हाल ही में 5 प्रतिशत टूटे 1.50 लाख टन सफेद चावल की खरीद के लिए टेंडर जारी किया गया था जिसे हासिल करने में वियतनाम को सफलता मिल गई।
इसके तहत छह लॉट में चावल का निर्यात किया जाना है। हालांकि इस टेंडर प्रक्रिया में थाईलैंड भी शामिल हुआ था लेकिन बुलॉग ने उसके ऑफर को अस्वीकार कर दिया।
वैसे व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि इस टेंडर के परिणाम की घोषणा से वियतनामी चावल की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और न ही उसमें विशेष तेजी आएगी।
उल्लेखनीय है कि बुलॉग ने इस टेंडर में वियतनाम के लिए चावल की एक निश्चित मात्रा पहले ही निर्धारित कर दी थी इसलिए उसकी कीमतों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वियतनाम की ओर से इस टेंडर में चावल को जो न्यूनतम मूल्य का ऑफर दिया गया वहां लगभग 564.50 डॉलर टन का है जिसमें परिवहन खर्च भी शामिल है।
इस तरह बुलॉग के टेंडर में वियतनामी चावल का ऑफर मूल्य सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी रहा। दरअसल नई निर्यात मांग का अभाव होने के कारण भी वियतनाम के कुछ विक्रेताओं (निर्यातकों) ने चावल का दाम घटा दिया।
23 मई को वियतनाम के बंदरगाह पर 5 प्रतिशत टूटे सफेद चावल का फ्री ऑन बोर्ड निर्यात ऑफर मूल्य घटाकर 569 डॉलर प्रति टन रह गया जो पिछले सप्ताह की तुलना में 10 डॉलर कम था।
दूसरी ओर काफी ऊंचे मूल्य के कारण थाईलैंड को बुलॉग के टेंडर में एक भी लॉट हासिल करने में सफलता नहीं मिल सकी। थाईलैंड की ओर से 5 प्रतिशत टूटे सफेद चावल के लिए 649 डॉलर प्रति टन का न्यूनतम ऑफर दिया गया जो वियतनाम की तुलना में काफी ऊंचा था।
बुलॉग ने कुल 3 लाख टन चावल की खरीद का टेंडर जारी किया था जिसमें थाईलैंड को 90 हजार टन के लिए ऑफर जमा करने के लिए कहा गया था। इसमें से 1.50 लाख टन का अनुबंध तो वियतनाम से पक्का हो गया जबकि शेष 1.50 लाख टन के लिए नया टेंडर जारी होगा या नहीं- यह आगामी समय में पता चलेगा।
