इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन 10 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान
31-Oct-2025 07:49 PM
 
        जकार्ता। दुनिया में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया में इस वर्ष मौसम एवं बारिश की हालत अनुकूल रहने से इस महत्वपूर्ण तेल के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
इंडोनेशिया पाम ऑयल एसोसिएशन (गापकी) के अनुसार वर्ष 2025 में पाम तेल का घरेलू उत्पादन 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 560-570 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
गापकी के महामंत्री का कहना है कि 2024-25 सीजन के दौरान देश में पाम की फसल के लिए मौसम की हालत लगभग अनुकूल बनी रही - न तो लम्बे समय तक वर्षा का दौर जारी रहा और न ही सूखे का भयंकर प्रकोप देखा गया।
पिछले साल पाम का दाम भी ऊंचा रहा था जिससे बागान मालिकों को अपनी फसल का बेहतर ढंग से प्रबंध करने का प्रोत्साहन मिल गया। इससे ऑयल बार की उपज दर में पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
गापकी ने पहले 2025 के दौरान इंडोनेशिया में 536.30 लाख टन पाम तेल के उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे अब बढ़ाकर 560-570 लाख टन नियत कर दिया है।
अगर 570 लाख टन पाम तेल का उत्पादन होता है तो यह वर्ष 2024 की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक होगा। इसके आधार पर गापकी ने इंडोनेशिया से पाम तेल उत्पादों का निर्यात भी वर्ष 2024 के 290 लाख टन से उछलकर 2025 में 300-310 लाख टन के उच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
उसके घरेलू प्रभाग में भी पाम तेल की खपत बढ़ने के आसार हैं क्योंकि बायो डीजल निर्माण में 40 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का नियम पहले ही लागू हो चुका है।
