ग्लोब ऑयल इंडिया 2024 कांफ्रेंस में तिलहन-तेल क्षेत्र से जुड़े तमाम मुद्दों पर होगी चर्चा

05-Sep-2024 04:27 PM

मुम्बई । ग्लोब ऑयल इंडिया को वैश्विक खाद्य तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के लिए एक प्रीमियर (अग्रणी) कांफ्रेंस माना जाता है जिसमें तिलहन-तेल से जुड़े तमाम मुद्दों पर न केवल गंभीर एवं विस्तृत चर्चा होती है

और समस्यायों-चुनौतियों को दूर करने के उपायों पर विचार किया जाता है बल्कि भविष्य में प्रगति के परिदृश्य की रुपरेखा भी तैयार की जाती है।

अब एक बार फिर इस कांफ्रेंस का आयोजन 18-20 सितम्बर 2024 को वेस्टइन, पवई लेक, मुम्बई में होने जा रहा है जिसमें खाद्य तेलों के भविष्य को संवारने के उपायों पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। इस कांफ्रेंस की थीम है - "नैविगेटिंग दि फ्यूचर ऑफ एडिबल ऑयल्स : इनोवेशन, सस्टैनिबिलिटी एंड मार्केट डायनामिक्स।"

भारतीय खाद्य तेल-तिलहन उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र को इस कांफ्रेंस से सही दिशा मिलने की उम्मीद है क्योंकि-इसमें देश-दुनिया की स्थिति पर व्यापक चर्चा होगी।

उत्तरी अमरीका, दक्षिणी अमरीका तथा एशिया महादेश के विभिन्न क्षेत्रों में तिलहनों के उत्पादन, खाद्य तेलों के स्टॉक, मूल्य एवं बाजार की स्थिति का सटीक मूल्यांकन किया जाएगा और आगामी परिदृश्य का अनुमान लगाया जाएगा।

भारत दुनिया में खाद्य तेलों का सबसे प्रमुख आयातक देश है इसलिए इसे वैश्विक बाजार के हालात की सटीक जानकारी रखने की आवश्यकता पड़ती है। देश में खरीफ कालीन तिलहन फसलों की बिजाई समाप्त हो चुकी है और आगामी सप्ताहों से इसकी कटाई-तैयारी आरंभ होने की संभावना है।

अगले महीने से रबी तिलहन फसलों और खासकर सरसों की बिजाई आरंभ होने वाली है। ऐसे समय में इस ग्लोब ऑयल इंडिया 2024 कांफ्रेंस के आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाएगा।

उद्यमियों- व्यापारियों को एक ही मंच पर अनेक महत्वपूर्ण जानकारी एवं सूचना प्राप्त हो जाएगी।