गेहूं का घरेलू उत्पादन 11 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान

24-Jan-2025 08:37 PM

नई दिल्ली (भारती एग्री एप्प)। सरकारी तौर पर अक्सर गेहूं का उत्पादन अनुमान वास्तविक स्तर से ऊंचा रहता है जबकि उद्योग-व्यापार क्षेत्र एवं बाजार विश्लेषक का आंकड़ा काफी हद तक व्यावहारिक होता है।

एक अग्रणी एग्री कॉमोडिटी मार्केट रिसर्च फर्म- आई ग्रेन इंडिया के डायरेक्टर- राहुल चौहान ने पिछले दिन दिए गए एक इंटरव्यू में कहा कि 2024-25 के वर्तमान रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन बढ़कर 11 करोड़ टन से नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।

बाजार के मौजूदा परिदृश्य तथा बिजाई के आंकड़ों को देखते हुए इस बार गेहूं का उत्पादन शीर्ष स्तर पर पहुंचने की उम्म्मीद है इसके मुकाबले 2023-24 के रबी सीजन में 10.00-10.5 करोड़ टन के बीच गेहूं के उत्पादन का अनुमान लगाया था। 

राहुल चौहान के मुताबिक मार्च अप्रैल में नई फसल की कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक शुरू होने के बाद गेहूं के दाम में वर्तमान स्तर के मुकाबले काफी गिरावट आ सकती है क्योंकि आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति काफी हद तक सुगम हो जाएगी जो अभी तक जटिल बनी हुई है।

जब उनसे पूछा गया कि गेहूं का रकबा न केवल गत वर्ष के बिजाई क्षेत्र बल्कि सामान्य औसत क्षेत्र से भी ऊपर पहुंच गया है और इसका उत्पादन भी शनदार होने वाला है तो नई फसल की आपूर्ति शुरू होने के बाद इसकी कीमतों में कितनी गिरावट आ सकती है और किस स्तर पर मूल्य स्थिर हो सकता है,

तब राहुल चौहान ने कहा कि अत्यन्त ऊंचे भाव को देखते हुए गेहूं के रकबे में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था।

दिल्ली के बेंचमार्क मार्केट में इसका दाम काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। गेहूं का बिजाई क्षेत्र 320 लाख हेक्टेयर पर पहुंच चुका है। 21 जनवरी 2025 को दिल्ली में गेहूं का दाम 3300 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था।

जहां तक कीमतों में गिरावट आने का सवाल है तो इसके लिए अनेक कारकों पर ध्यान देने की जरूरत है। पहली बात यह है कि स्टॉक को सुविधाजनक स्तर पर बरकरार रखने के लिए देश में कम से कम दो वर्षों तक गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन होना आवश्यक है जबकि 2022-23 के सीजन में हुआ था।

स्टॉक के ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बाद ही गेहूं की कीमतों में गिरावट का रूख बन सकता है। चालू वर्ष के दौरान गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन हो सकता है लेकिन इसके लिए फरवरी-मार्च का मौसम अनुकूल रहना आवश्यक है।

यदि रिकॉर्ड उत्पादन हुआ तो गेहूं का औसत मंडी भाव 2600 रुपए प्रति क्विंटल एवं दिल्ली में दाम 2800-2900 रुपए प्रति क्विंटल के करीब रह सकता है।