फरवरी तक तेल कंपनियों को 31 प्रतिशत एथनॉल की आपूर्ति

13-Mar-2026 06:59 PM

नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के लिए चीन की मिलों एवं डिस्टीलरीज को कुल 1058 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का कोटा नियत किया गया है जिसमें से उसे फरवरी 2026 के अंत तक 328 करोड़ लीटर या 31 प्रतिशत एथनॉल की आपूर्ति की जा चुकी है। 

ओएमसी के कोटे में अनाजों से निर्मित 766 करोड़ लीटर तथा गन्ना से उत्पादित 292 करोड़ लीटर एथनॉल की मात्रा शामिल है। खाद्यान्न के संवर्ग में क्षतिग्रस्त अनाज से निर्मित 54 करोड़ लीटर, सरकारी अनाज (चावल आदि) से निर्मित 233 करोड़ लीटर तथा मक्का से उत्पादित 479 करोड़ लीटर एथनॉल का कोटा शामिल है।

इसी तरह गन्ना के संवर्ग में गन्ना जूस / सीरप से निर्मित 165 करोड़ लीटर, बी-हैवी शीरा से उत्पादित 113 करोड़ लीटर तथा सी-हैवी शीरा से निर्मित 14 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का कोटा सम्मिलित है। 

चीनी मिलों एवं डिस्टीलरीज द्वारा नवम्बर 2025 से फरवरी 2026 के चार महीनों में तेल विपणन कंपनियों को क्रमश: 119 करोड़ लीटर और 209 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति की गई।

इसका मतलब यह हुआ कि चीनी मिलें अपने नियत कोटे के 41 प्रतिशत एथनॉल की आपूर्ति कर चुकी हैं जबकि अनाज आधारित डिस्टीलरीज द्वारा सिर्फ 27 प्रतिशत कोटे के समतुल्य एथनॉल की सप्लाई की गई है।