चीन में विभिन्न देशों से मूंग के आयात में बढ़ोत्तरी
15-Jan-2025 11:10 AM
बीजिंग । भारत के उत्तरी पड़ोसी देश- चीन में उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया तथा म्यांमार जैसे देशों से भारी मात्रा में मूंग का आयात किया जाता है।
वर्ष 2024 में भी वहां इसका बेहतर आयात हुआ। जेनरल कस्टम्स एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2024 के शुरूआती 11 महीनों में यानी जनवरी से नवम्बर के दौरान चीन में मूंग का कुल आयात बढ़कर 5.43 लाख टन पर पहुंच गया
जो वर्ष 2023 की समान अवधि के आयात 5.30 लाख टन से 13 हजार टन अधिक रहा। दिसम्बर का आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
कस्टम विभाग के अनुसार चीन में मूंग का आयात नियमित रूप से जारी है और आगे भी इसका सिलसिला बरकरार रहने की संभावना है।
नवम्बर 2024 में वहां इसका आयात बढ़कर 43,612 टन पर पहुंच गया जो अक्टूबर में हुए 33,031 टन के आयात से करीब 32 प्रतिशत अधिक रहा।
नवम्बर में उज्बेकिस्तान से सर्वाधिक 21,667 टन मूंग का आयात हुआ। इसके बाद इंडोनेशिया से 8285 टन तथा म्यांमार से 4767 टन मूंग का आयात किया गया।
भारत में भी पहले बड़े पैमाने पर म्यांमार से मूंग का आयात होता था मगर घरेलू उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों को आकर्षक वापसी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ने फरवरी 2022 में इसके आयात पर प्रतिबंध लगा दिया।
इसके फलस्वरूप म्यांमार के निर्यातकों को नए-नए बाजारों की तलाश करनी पड़ी। उसे चीन, थाईलैंड एवं यूरोपीय संघ के बाजारों में अपने उत्पाद का निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल गया। चीन में वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान मटर के आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई।
