चीनी के वैश्विक बाजार मूल्य पर आगामी महीनों में दबाव पड़ने की संभावना

26-Dec-2024 07:48 PM

लंदन । चालू मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर 2024-सितम्बर 2025) के दौरान चीनी के वैश्विक बाजार मूल्य पर कुछ दबाव पड़ने की संभावना है क्योंकि उपयोग की तुलना में कुल उत्पादन करीब 40 लाख टन ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

वर्तमान समय में चीनी का भाव पिछले करीब तीन माह के निचले स्तर पर चल रहा है। हॉलैंड की बहुराष्ट्रीय फर्म- राबो बैंक के अनुसार 2024-25 सीजन के दौरान चीनी का अधिशेष स्टॉक मौजूद रह सकता है।

अमरीकी कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 सीजन के मुकाबले 2024-25 सीजन के दौरान चीनी के वैश्विक उत्पादन में 1.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जबकि इसका उपयोग 1.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17.965 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना है।

एक अन्य विश्लेषक के अनुसार ब्राजील के मध्य दक्षिणी भाग में हाल के दिनों में हुई अच्छी वर्षा से अगले सीजन में गन्ना एवं चीनी के उत्पादन में गिरावट आने की चिंता घट गई है। 

दुनिया के सबसे प्रमुख चीनी उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में पहले वर्ष 2024 के दौरान चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन बाद में वहां भयंकर गर्मी एवं सूखा पड़ने तथा आगजनी की घटना होने से अब उत्पादन कम होने की संभावना है। 

विश्लेषकों के अनुसार इस बार यूरोपीय संघ में चुकंदर तथा थाईलैंड में गन्ना की फसल बेहतर स्थिति में हैं जिससे वहां चीनी के उत्पादन में सुधार आने के आसार हैं लेकिन भारत में उत्पादन घटने की संभावना है। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष चीनी के दाम में 5 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।

पिछले महीने इसमें 9 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी। मार्च सौदे के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी का वायदा मूल्य 19.2 सेंट प्रति पौंड (36400 रुपए प्रति टन) तथा लंदन एक्सचेंज में सफेद चीनी का भाव 516.50 डॉलर (44,100 रुपए) प्रति टन चल रहा है।