चालू सीजन के लिए 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने का निर्णय
10-Nov-2025 11:14 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री को भेजे एक पत्र में कहा है कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के लिए 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने तथा शीरा के निर्यात पर लगे 50 प्रतिशत के सीमा शुल्क को हटाने का निर्णय लिया है।
हालांकि अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है कि यह निर्णय कब से प्रभावी होगा और आधिकारिक तौर पर कब इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी लेकिन उद्योग-व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों का मानना है कि सरकार के इस निर्णय के प्रभावी होने के बाद चीनी उद्योग को काफी राहत मिलेगी एक्स - फैक्टरी मूल्य में कुछ सुधार आ सकता है।
2025-26 के मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी के घरेलू उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाते हुए शीर्ष उद्योग संगठन- इंडियन शुगर एन्ड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने सरकार से 20 लाख टन चीनी के निर्यात की स्वीकृति देने तथा इसका कोटा जल्दी से जल्दी घोषित करने का आग्रह किया था।
इस्मा के महानिदेशक का कहना है कि 15 लाख टन चीनी के निर्यात की मंजूरी देने का सरकार का फैसला स्वदेशी उद्योग के लिए एक अच्छा कदम है।
इससे न केवल चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में स्थिरता आएगी बल्कि सही समय पर गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान करने में भी सहायता मिलेगी। इसके साथ-साथ चीनी उद्योग पर बकाया स्टॉक का भार घटेगा।
इस्मा के महानिदेशक के अनुसार देश से चीनी का निर्यात होने से मिलर्स के लिए उत्पादन एवं निकासी में संतुलन बनाना आसान हो जाएगा और मुद्रा प्रवाह की स्थिति बेहतर बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि इस्मा ने 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का शुद्ध घरेलू उत्पादन 18.5 प्रतिशत बढ़कर 309.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।
इसके अलावा एथनॉल निर्माण में 34 लाख टन चीनी के उपयोग की संभावना व्यक्त की है। महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में उत्पादन तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
