चालू माह में यूरिया का घरेलू उत्पादन 20 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान

17-Apr-2026 12:31 PM

नई दिल्ली। यूरिया का घरेलू उत्पादन मार्च के 18 लाख टन से 11 प्रतिशत बढ़कर अप्रैल में 20 लाख टन के करीब पहुंच जाने की उम्मीद है। पश्चिम संकट के कारण एलएनजी की आपूर्ति पर असर पड़ा था मगर अब इसकी उपलब्धता में सुधार आ गया है। आमतौर पर अप्रैल में करीब 21.80 लाख टन यूरिया का औसत उत्पादन होता रहा है। 

चालू माह के दौरान विदेशों से भी करीब 6 लाख टन यूरिया का आयात होने की संभावना है जिससे इसकी उपलब्धता 26 लाख टन के आसपास पहुंच जाएगी। मई में घरेलू उत्पादन में और भी इजाफा हो सकता है।

जून से खरीफ फसलों की बिजाई शुरू होती है और तब यूरिया की घरेलू मांग शीर्ष स्तर पर पहुंच जाती है। इसे पूरा करने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में इस महत्वपूर्ण रासायनिक उर्वरक का स्टॉक पहुंचाया जा रहा है ताकि किसानों को सही समय पर यह हासिल हो सके। 

भारत में प्रतिमाह औसतन 20-25 लाख टन यूरिया का उत्पादन होता है जो मार्च 2026 में करीब 27 प्रतिशत घटकर 18 लाख टन पर आ गया। उत्पादक इकाइयों को गैस की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो सकी। 6 अप्रैल से इसकी आपूर्ति बढ़ने लगी और अब प्लांटों की 90 प्रतिशत जरूरत के लायक गैस की आपूर्ति होने लगी है। इससे यूरिया के उत्पादन में सुधार आने लगा है।