गन्ना की कमी से अधिकांश चीनी मिलें बंद

17-Apr-2026 03:45 PM

नई दिल्ली। गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का सीजन इस बार नियत समय से पहले ही समाप्त हो जाने की संभावना है क्योंकि प्लांटों को गन्ना की समुचित आपूर्ति नहीं हो रही है।

इस बार 15 अप्रैल तक देश में केवल 21 चीनी मिलें चालू थीं जबकि 520 इकाइयां बंद हो चुकी थीं। इसके मुकाबले पिछले साल की इसी अवधि को 35 इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग हो रही थी और 499 मिलें बंद हो गई थीं। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में गन्ना की पैदावार बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। यदि सरकारी आंकड़ों पर विश्वास किया जाए तो सवाल उठता है कि गन्ना का विशाल स्टॉक आखिर कहां गया ?

चीनी के उत्पादन में पहले 18-20 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया था जबकि वास्तविक बढ़ोत्तरी महज 8 प्रतिशत की हुई। एथनॉल के निर्माण के लिए भी गन्ना का उपयोग सीमित कर दिया गया और अब चालू माह (अप्रैल 2026) के अंत तक सभी चीनी मिलों के बंद हो जाने की संभावना है।