ब्राजील से अधिशेष आपूर्ति के कारण चीनी के दाम में गिरावट
16-Mar-2026 12:06 PM
न्यूयार्क। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील से अधिशेष आपूर्ति होने के कारण चीनी के वैश्विक बाजार मूल्य में नरमी का माहौल देखा जा रहा है।
कच्ची चीनी का दाम फरवरी 2025 के 445 डॉलर प्रति टन से घटकर फरवरी 2026 में 313 डॉलर प्रति टन तथा सफेद चीनी का वायदा मूल्य 532 डॉलर प्रति टन से गिरकर 408 डॉलर प्रति टन रह गया।
ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां मिलर्स के पास इसका विशाल अधिशेष स्टॉक मौजूद है जिसे सस्ते दाम पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
अगले महीने (अप्रैल) से वहां गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ हो रहा है जिससे चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता निरन्तर बढ़ती जाएगी।
हालांकि इस बार वहां एथनॉल उत्पादन पर ज्यादा जोर दिए जाने की संभावना है लेकिन फिर भी चीनी का विशाल उत्पादन होगा।
वैश्विक बाजार मूल्य में गिरावट आने से भारत को अपनी चीनी के निर्यात में कठिनाई हो रही है। पश्चिम एशिया के संकट से भी चीनी का निर्यात प्रभावित हो रहा है।
