ब्राजील में अगले सीजन में मक्का का उत्पादन 9 प्रतिशत घटने का अनुमान

22-Sep-2023 02:54 PM

रियो डी जेनेरो । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील दुनिया में मक्का का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक एवं तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक देश है।

सरकारी एजेंसी कोनाब के मुताबिक 2022-23 सीजन के दौरान ब्राजील में मक्का का उत्पादन तेजी से उछलकर 1310 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया लेकिन 2023-24 सीजन में यह 120 लाख टन या 9.1 प्रतिशत घटकर 1190 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है।

एक तो वहां मक्का का बिजाई क्षेत्र 4.8 प्रतिशत गिरकर 212 लाख हेक्टेयर (523 लाख एकड़) पर आ सकता है और दूसरे, फसल की औसत उपज दर में भी गिरावट आ सकती है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील में मक्का की खेती तीन सीजन में होती है।

प्रथम या पूर्ण सीजन के लिए बिजाई की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और इसके क्षेत्रफल में 5.4 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है। दूसरे या सफरीन्हा सीजन के दौरान भी मक्का का रकबा 4.8 प्रतिशत घटकर 163.50 लाख हेक्टेयर (403 लाख एकड़) रह जाने का अनुमान है।

सफरीन्हा मक्का की बिजाई जनवरी-फरवरी में शुरू होगी। राष्ट्रीय स्तर पर मक्का की औसत उपज दर में 4.6 प्रतिशत की कमी आने का अनुमान लगाया गया है। 

कोनाब के मुताबिक 2022-23 सीजन के दौरान रिकॉर्ड उत्पादन होने से मक्का का घरेलू बाजार भाव घटकर नीचे आ गया है जिससे किसानों को आकर्षक वापसी हासिल नहीं हो रही है। इसके फलस्वरूप क्षेत्रफल में कुछ गिरावट आ जाएगी। 2023 में इसकी घरेलू मांग 6.4 प्रतिशत बढ़कर 846 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।