बेहतर स्टॉक एवं सामान्य कारोबार से काबुली चना का भाव स्थिर

08-May-2026 10:27 AM

सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में काबुली चना का भाव पिछले कुछ दिनों से स्थिर बना हुआ है क्योंकि वहां इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है जबकि कारोबारी गतिविधियां सामान्य देखी जा रही है। हालांकि कनाडा से काबुली चना का निर्यात पिछले सीजन से आगे चल रहा है लेकिन फिर भी वहां इसका विशाल स्टॉक  मौजूद है। इससे बाजार पर दबाव पड़ रहा है। 2025-26 के सीजन में कनाडा में काबुली चना का शानदार उत्पादन हुआ था जबकि कुछ पिछला बकाया स्टॉक भी मौजूद है। 

अब 2026-27 सीजन की फसल के लिए कनाडा में काबुली चना की बिजाई आरंभ हो गई है। इस बार क्षेत्रफल में मामूली घट-बढ़ होने की संभावना है। सस्कैचवान प्रान्त की मंडियों में नंबर 2 क्वालिटी के बड़े दाने वाले काबुली चना का भाव सुधरकर 27 सेंट प्रति पौंड के करीब पहुंच गया है और इस मूल्य स्तर पर चालू सप्ताह के दौरान कुछ कारोबार होने की सूचना भी मिल रही है। सामान्य औसत क्वालिटी के माल में ज्यादा खरीद-बिक्री नहीं हो रही है। अमरीका में बेहतर उत्पादन और स्टॉक होने से कनाडाई काबुली चना के आयात की गति धीमी बनी हुई है। 

उत्पादकों को आगामी समय में काबुली चना का भाव सुधरने की उम्मीद है इसलिए वे अपने स्टॉक की बिक्री धीमी गति से  कर रहे हैं। मैक्सिको में मौसम की हालत फसल के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं बताई जा रही है जबकि अमरीका में बिजाई की रफ्तार सुस्त है। कनाडाई किसानों का ध्यान फसलों की बिजाई पर केन्द्रित है इसलिए काबुली चना का कारोबार कम हो रहा है। उसके पास स्टॉक भी सामान्य से ज्यादा है लेकिन उसके बड़े भाग की क्वालिटी अच्छी नहीं है।