बेहतर बिजाई के संकेत से कनाडा में मसूर का भाव स्थिर

17-May-2024 12:47 PM

रेगिना । कनाडा के प्रेयरी संभाग में हाल के दिनों में हुई अच्छी बारिश से मसूर की बिजाई के लिए परिस्थिति काफी हद तक अनुकूल हो गई है और कई क्षेत्रों में किसान इसका फायदा भी उठा रहे है।

मसूर की जोरदार बिजाई जाती है। वैसे जानकारों का कहना है कि वर्तमान समय का मौसम इस बात की गारंटी नहीं देता है कि इस बार मसूर का रिकॉर्ड या शानदार उत्पादन होगा क्योंकि आगामी दो-तीन महीनों के दौरान फसल की प्रगति के चरण में मौसम की हालत उत्पादन की स्थिति निर्धारित करेगी।

विदेशी खरीदार अभी सतर्क और कुछ हद तक उदासीन है और इलसिए अगली नई फसल की लिवाली में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।

जब तक बिजाई की सही तस्वीर सामने नहीं आ जाती तब तक कारोबार में तेजी आना मुश्किल लगता है। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मोटी हरी मसूर का भाव 78-80 सेंट प्रति पौंड तथा अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 53-55 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है।

इसी तरह छोटी हरी मसूर का दाम 75-77 सेंट प्रति पौंड तथा इसकी आगामी नई फसल का भाव 46-48 सेंट प्रति पौंड के पिछले स्तर पर बरकरार है।

लाल मसूर के मौजूदा स्टॉक वाले माल का मूल्य 32-35 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है जबकि इसकी अगली फसल का मूल्य नीचे में 30 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है मगर ऊपर में कुछ सुधरकर 34 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है। अगले कुछ समय तक बाजार में ज्यादा तेजी-मंदी आना मुश्किल लगता है। 

कनाडा के साथ-साथ कई अन्य देशों में भी मसूर की बिजाई हो रही है जिसमें अमरीका, रूस एवं ऑस्ट्रेलिया जैसे निर्यातक देश भी शामिल हैं।

भारत सहित अन्य महत्वपूर्ण आयातक देशों के खरीदार वहां भी बिजाई की स्थिति एवं फसल की प्रगति पर गहरी नजर रखे हुए हैं।

अगस्त से मसूर के नए माल की आवक आरंभ हो जाएगी और तब इसका कारोबार बढ़ेगा। फिलहाल प्रमुख निर्यातक देशों में मसूर का सीमित स्टॉक बचा हुआ है।