भारत में मक्का का निर्यात करना चाहता है अमरीका

09-Apr-2025 08:25 PM

शिकागो। भारत में अमरीका से मक्का का कोई आयात नहीं होता है क्योंकि इसके उत्पादन में भारत लगभग आत्मनिर्भर है और दूसरे, यहां जीएम मक्का के आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है जबकि अमरीका में अधिकांशतः जीएम मक्का का ही उत्पादन होता है। भारत में जब मक्का के आयात की जरूरत पड़ती है तब यूक्रेन या म्यांमार से इसे मंगाया जाता है। 

लेकिन अमरीका चाहता है कि भारत उसके मक्के का आयात करे। इसके लिए वह भारत पर दबाव भी डाल रहा है। अमरीका के वाणिज्य सचिव (मंत्री) ने भारत की व्यापार नीतियों की आलोचना करते हुए कहा है कि भारतीय बाजार में अमरीकी मक्का पर अघोषित प्रतिबंध लगा हुआ है।

इससे अमरीकी किसानों का हित प्रभावित होता है। वाणिज्य मंत्री ने भारत सरकार ने अपने कृषि बाजार को अमरीकी उत्पादों के लिए खोलने का आग्रह करते हुआ कहा कि यदि शुरूआती दौर में बाजार को पूरी तरह खोलना संभव न हो तो अमरीकी उत्पादों (मक्का) के लिए आयात का वार्षिक कोटा निर्धारित किया जा सकता है या कोई सीमा नियत की जा सकती है। 

उल्लेखनीय है कि अमरीकी राष्ट्रपति के हंगामेदार व्यापार युद्ध के केन्द्र में कृषि क्षेत्र ही है। अमरीका से गेहूं, सोयाबीन एवं मक्का का बड़े पैमाने पर निर्यात होता है मगर यह जीएम प्रजाति का होने के कारण संसार के अनेक देश इसकी खरीद से परहेज करते हैं। इसमें भारत भी शामिल है।

वैसे भारत में जीएम मक्का के आयात पर लागू प्रतिबंध केवल अमरीका तक सीमित नहीं है बल्कि ब्राजील और अर्जेन्टीना  सहित उन सभी आपूर्तिकर्ता देशों पर प्रभावी है जहां जीएम मक्का का उत्पादन और कारोबार (निर्यात) होता है।