अर्जेन्टीना में सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में 10 लाख टन की कटौती

15-Jan-2025 01:35 PM

ब्यूनस आयर्स । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में स्थित ब्राजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में 2024-25 के वर्तमान सीजन में पहले 530 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था जिसे अब 10 लाख टन घटाकर 520 लाख टन नियत किया गया है। दरअसल अर्जेन्टीना में वर्षा की कमी से कई क्षेत्रों में सूखे का संकट पैदा हो गया है।

पिछले सप्ताहांत देश के पश्चिमी एवं दक्षिण पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं थोड़ी-बहुत बारिश हुई जबकि अन्य अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा। दूसरी ओर तापमान ऊंचे स्तर पर चल रहा है तथा आगामी समय के दौरान इसमें कुछ और वृद्धि हो सकती है। 

उत्तरी ब्यूनस आयर्स के दक्षिणी कोर क्षेत्र तथा सान्ता फे प्रान्त के दक्षिणी भाग में गर्म एवं शुष्क मौसम के कारण सूखे का सर्वाधिक गंभीर प्रकोप देखा जा रहा है जबकि वहां सोयाबीन की फसल विकास के अत्यन्त महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है। फसल को अपनी प्रगति को कायम रखने के लिए एक-डेढ़ इंच की भारी वर्षा की जरूरत है। 

पिछले सप्ताह तक अर्जेन्टीना में लगभग 97 प्रतिशत भाग में सोयाबीन फसल की बिजाई पूरी हो चुकी थी और केवल सुदूर उत्तरी क्षेत्र में थोड़ी बहुत बिजाई होनी बाकी है। वहां 85-90 प्रतिशत भाग में बिजाई होने की सूचना है।

डबल क्रॉप सोयाबीन की बिजाई भी 95 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। लेकिन शुष्क एवं गर्म मौसम के कारण बीज में अंकुरण कुछ कम हो रहा है।

अर्जेन्टीना में सोयाबीन की 8 प्रतिशत फसल को कमजोर या खराब स्थिति में आंका गया है जबकि 43 प्रतिशत फसल की हालत सामान्य तथा 49 प्रतिशत की स्थिति उत्साहवर्धक है।

राष्ट्रीय स्तर पर 23 प्रतिशत क्षेत्र में खेतों की मिटटी में नमी का अभाव देखा जा रहा है जहां फसल की हालत बिगड़ने का खतरा है। वहां तत्काल अच्छी वर्षा की सख्त जरूरत है।