अल नीनो के खतरे को देखते हुए राज्यों को आकस्मिक प्लान बनाने की सलाह
05-Jun-2026 08:21 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव एवं कमजोर मानसून की आशंका को देखते हुए देश के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों को आस्कमिक (आपदा) प्लान तैयार करने के लिए कहा है ताकि खरीफ सीजन में किसानों को सही समय पर वैकल्पिक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। इसके तहत खासकर उन जिलों की पहचान करने का सुझाव दिया गया है जहां वर्षा कम या नगण्य होने तथा सूखा पड़ने की अधिक संभावना है।
मौसम विभाग ने इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान देश में सामान्य औसत की तुलना में 90 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान लगाया है।
वर्षा का वितरण भी असमान हो सकता है। इससे कई क्षेत्रों में सूखे का गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। ऐसे क्षेत्रों में विकल्प के तौर पर उपयुक्त फसल की खेती का प्रयास किया जा सकता है जिसे पानी की कम आवश्यकता पड़ती है।
इसमें मोटे अनाज के साथ दलहन एवं तिलहन भी शामिल है। जहां अच्छी वर्षा की उम्मीद है वहां धान एवं कपास की खेती आसानी से हो सकती है और साथ ही साथ अन्य फसलों की बिजाई में भी दिक्कत नहीं होगी। कृषि मंत्रालय राज्यों को हर संभव मदद देने को तैयार है।
