अजवायन में अधिक मंदा नहीं

08-Feb-2024 07:26 PM

नई दिल्ली । प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात, मध्य प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश में इस वर्ष उत्पादन गत वर्ष की तुलना में 25/30 प्रतिशत रहने के कारण अजवायन की कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है।

गुजरात की जामनगर मंडी में नए अजवायन का व्यापार 1400/1500 बोरी का हो रहा और भाव 2900/4950 रुपए प्रति 20 किलो बोला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह मंडी में अधिक आवक एवं कमजोर मांग के कारण 2-3 दिन आवक पर रोक लगा दी थी और पेंडिंग मालों का व्यापार हुआ था। ऊंझा मंडी में भी नए अजवायन की आवक बढ़कर 700/800 बोरी की हो गई है।

जबकि मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में आवक 500/600 बोरी की हो रही है और क्वालिटीनुसार भाव 145/200 रुपए बोले जा रहे है। आंध्र प्रदेश की कर्नूल मंडी में नए अजवायन का भाव 140/205 रुपए बोला जा रहा है जबकि आवक 1400/1500 बोरी की रही।

सूत्रों का कहना कि आंध्र प्रदेश की मंडियों में वर्तमान में हल्की क्वालिटी के मालों की आवक हो रही है। मार्च माह में अच्छी क्वालिटी के मालों की आवक होने की संभावना है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष देश में अजवायन का उत्पादन लगभग 4 लाख बोरी से अधिक का रहा था जोकि इस वर्ष 3 लाख बोरी के आसपास होने के अनुमान लगाये जा रहे हैं।