आवक घटने से जीरा मजबूत
29-Feb-2024 06:30 PM
नई दिल्ली । जीरे की लगातार गिरती कीमतों के कारण उत्पादक केन्द्रों पर किसानों ने माल रोकना शुरू कर दिया है। जिस कारण से मंडियों में आवक घटने लगी है।
उल्लेखनीय है कि चालू सप्ताह के शुरू में ऊंझा मंडी में जीरे की दैनिक आवक 38/40 हजार बोरी की हो गई थी जोकि आज घटकर 25 हजार बोरी की रह गई है। गोंडल मंडी में भी सप्ताह के शुरू में 9000/10000 बोरी की आवक हो गई थी जोकि वर्तमान में घटकर 2500/3000 बोरी की रह गई है।
कमजोर आवक एवं बढ़ती लिवाली के कारण गत दो दिनों के दौरान जीरा की कीमतों में 800/1000 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई हो सूत्रों का कहना है कि हाल-फिलहाल बाजार में अधिक तेजी संभव नहीं है।
क्योंकि इस वर्ष उत्पादन अधिक होने के कारण आगामी दिनों में आवक का दबाव बनेगा। लेकिन वर्तमान भावों में अब अधिक मंदा भी नहीं है। क्योंकि अधिक उत्पादन का मंदा बाजार में आ चुका है।
