आंधी-वर्षा एवं ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान
01-Apr-2026 12:16 PM
नई दिल्ली। एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर भाग में आंधी-वर्षा एवं ओलावृष्टि का प्रकोप जारी है। इससे रबी सीजन की फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में गेहूं फसल पकने लगी है और इसकी कटाई-तैयारी भी शुरू हो चुकी है। इस फसल को आंधी वर्षा से क्षति हो सकती है। राजस्थान के अजमेर संभाग में तेज हवा के प्रवाह एवं बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की सूचना है जिससे वहां गेहूं, जौ, चना तथा सरसों की फसल पर असर पड़ा।
नम मौसम अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है जिससे रबी फसलों की क्वालिटी प्रभावित होने की संभावना है। पकी हुई फसलों के लिए मौजूदा मौसम अनुकूल नहीं है।
उधर जम्मू-कश्मीर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश एवं लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है और तापमान घट गया है। इससे मैदानी क्षेत्रों में मौसम ठंडा हो गया है जबकि फसलों को गर्मी की जरूरत है।
