आईएसओ ने चीनी के वैश्विक अधिशेष स्टॉक का अनुमान बढ़ाया

19-May-2026 11:34 AM

लंदन। इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए चीनी के वैश्विक अधिशेष स्टॉक का अनुमान बढ़ाकर 22 लाख टन निर्धारित किया है जबकि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में चीनी का उत्पादन इसके वैश्विक उपयोग से 32 लाख टन कम आंका गया था। 

आईएसओ की रिपोर्ट के मुताबिक 2024-25 के सीजन में चीनी का वैश्विक उत्पादन 17.59 करोड़ टन हुआ था जो 2025-26 के सीजन में बढ़कर 18.20 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।

हालांकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीनी की वैश्विक खपत भी 17.91 करोड़ टन से सुधरकर 17.98 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना है लेकिन फिर भी वह इसके कुल उत्पादन 18.20 करोड़ टन से 22 लाख टन कम ही रहेगी।

रिपोर्ट के अनुसार चीनी का वैश्विक आयात 6.51 करोड़ टन से घटकर 6.33 करोड़ टन तथा वैश्विक निर्यात की उपलब्धता 6.48 करोड़ टन से गिरकर 6.42 करोड़ टन पर सिमटने की संभावना है।

बेहतर उत्पादन एवं सामान्य उपयोग के कारण चीनी का वैश्विक बकाया स्टॉक 2024-25 सीजन के 7.89 करोड़ टन से बढ़कर 2025-26 के सीजन में 7.94 करोड़ टन पर पहुंच सकता है। लेकिन 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में चीनी का उत्पादन इसके कुल उपयोग से 2.62 लाख टन कम होने का अनुमान लगाया गया है जिससे इसकी आपूर्ति की स्थिति कुछ जटिल रह सकती है।