वस्त्र परिधानों का निर्यात 2.1 प्रतिशत बढ़ा
22-Apr-2026 06:07 PM
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान भारत से 3,09,859.30 करोड़ रुपए मूल्य के वस्त्र परिधानों एवं टेक्सटाइल सामानों (हस्तकरघा उत्पाद सहित) का निर्यात हुआ था जो वित्त वर्ष 2025-26 में 2.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,16,334.90 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार तमाम चुनौतियों एवं बाधाओं के बावजूद निर्यात में हुई इस वृद्धि से स्पष्ट संकेत मिलता है कि वैश्विक बाजार में भारतीय वस्त्र उत्पादों की मांग मजबूत बनी हुई है और सभी प्रमुख उत्पाद श्रेणियों में भारत की प्रतिस्पर्धी क्षमता बरकरार है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय वस्त्र उत्पादों के सबसे प्रमुख निर्यात बाजार- अमरीका में कुछ समय तक भारत के उत्पादों पर 50 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दिया गया था और मार्च 2026 में अमरीका-ईरान के बीच भयंकर युद्ध होने से पश्चिम एशिया,
मध्य पूर्व तथा खाड़ी क्षेत्र के देशों में कारोबार काफी हद तक प्रभावित हुआ था लेकिन इसके बावजूद वार्षिक आधार पर निर्यात में कमी नहीं आई बल्कि कुछ बढ़ोत्तरी हो गई। यह उद्योग के लिए राहत की बात है।
