उड़द के आयात में 41 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि

21-Feb-2026 01:24 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में उड़द का आयात वर्ष 2024 7,58,946 टन से 40.7 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2025 में 10.70 लाख टन पर पहुंच गया एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) द्वारा प्रसारित आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान भारत में म्यांमार से सर्वाधिक 8,09,127 टन उड़द मंगाई गई। इसके अलावा ब्राजील से 2,37,602 टन तथा अन्य देशों से 20,996 टन का आयात किया गया। 

वर्ष 2025 में भारत में उड़द के कुल आयात में म्यांमार के दलहन की भागीदारी 75 प्रतिशत से भी अधिक रही। अक्टूबर 2025 में उड़द का सबसे ज्यादा आयात हुआ जब इसकी मात्रा उछलकर 2,42,371 टन पर पहुंच गई। इसमें से अकेले म्यांमार से 2,03,268 टन का आयात हुआ। नवम्बर 2025 में 1,16,404 टन उड़द का आयात किया गया जिसमें- म्यांमार की उड़द का योगदान 63,372 टन दर्ज किया गया।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर-नवम्बर में घरेलू प्रभाग में खरीफ कालीन उड़द की जोरदार आवक होती है लेकिन कमजोर उत्पादन एवं सीमित आपूर्ति के कारण विदेशों से इसका भारी आयात होता रहा। निर्यातक देशों में भाव कुछ नरम रहने से भी आयातकों को प्रोत्साहन मिला। 31 मार्च 2026 तक उड़द का आयात सीमा शुल्क से मुक्त रहेगा लेकिन उससे पूर्व ही सरकार शुल्क मुक्त आयात की अवधि बढ़ाने का निर्णय ले सकती है।