उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली एनसीआर में मौसम में भारी बदलाव होने का अनुमान
21-Jan-2025 04:19 PM
नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में बारिस होने, कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने, गहन धुंध एवं कोहरा छाने तथा शीत लहर का प्रकोप रहने का अनुमान लगाया है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख तथा उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 23 एवं 24 जनवरी को वर्षा तथा ओलावृष्टि की संभावना है जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फीली हवा का प्रवाह होने से मैदानी इलाकों में तापमान घटने एवं शीत लहर का असर बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर तथा मेरठ सहित आसपास के जिलों में ओले गिरने की संभावना है जिससे रबी फसलों को नुकसान हो सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी धूप के बावजूद ठंडी हवा चलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है जबकि अगले दो तीन दिन तक आसमान पर बादल छाए रहने एवं बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 23-24 जनवरी को 20-30 कि०मी० प्रति घंटे की रफ्तार से तेज बर्फीली हवा चल सकती है जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा।
जिन जिलों में वर्षा के साथ-साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है उसमें मेरठ एवं सहारनपुर के अलावा अलीगढ तथा बुलंदशहर भी सम्मिलित हैं। इससे वहां अभी फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।
राज्य के अधिकांश जिलों में फिलहाल करीब 15 कि०मी० प्रति घंटे की गति से ठंडी हवा चल रही है। इटावा, बलिया, अलीगढ तथा मेरठ में ठंड का प्रकोप ज्यादा देखा जा रहा है जबकि बुंदेलखंड संभाग के जिलों और झांसी में ठंड का प्रकोप कम देखा जा रहा है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप आगामी दिनों में बढ़ने की संभावना है। बर्फीली हवा न्यूनतम तापमान को घटा सकती है।
हालांकि इस समय होने वाली बारिश से रबी फसलों को फायदा हो सकता है मगर ओलावृष्टि उसके लिए घातक साबित हो सकती है।
