आंधी-वर्षा से रबी फसलों को हो रहे नुकसान से कृषि मंत्री चिंतित

06-Apr-2026 07:42 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने हाल की आंधी-वर्षा से देश के विभिन्न राज्यों में रबी फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जाहिर करते हुए अधिकारियों को फसल क्षति की व्यापक समीक्षा (सर्वे) करने तथा राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर (वास्तविक धरातल) पर सूचना एकत्रित करने का निर्देश दिया है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि कृषि मंत्री ने अधिकारियों से यथाशीघ्र प्रभावित राज्य की सरकारों से सम्पर्क करने तथा फसल क्षति का आंकलन पूरा करने के लिए कहा है। कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया है कि सरकार संकट की इस घड़ी में उसके साथ खड़ी है। 

उधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगाह किया है कि 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत में सक्रिय हो सकता है और इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में 10 अप्रैल तक तेज हवा के प्रवाह के साथ जमकर बारिश होगी या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। पश्चिमोत्तर राज्यों एवं पूर्वी भारत में कहीं-कहीं हवा की गति 70 कि०मी० प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे रबी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। 

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में 7-8 अप्रैल को आंधी-तूफान का प्रकोप रह सकता है जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा संभाग में भी आगामी दिनों में इसका प्रकोप रहेगा। दक्षिण भारत में 6 अप्रैल को पूर्वोत्तर राज्यों में 9-10 अप्रैल को तथा कर्नाटक एवं तेलंगाना में पूरे  सप्ताह बारिश या बौछार होने की संभावना है।