बिजाई क्षेत्र में वृद्धि से जौ का उत्पादन बढ़ने का अनुमान

06-Apr-2026 07:49 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि रबी सीजन के खास मोटे अनाज- जौ का बिजाई क्षेत्र 2024-25 सीजन के 6.08 लाख हेक्टेयर से 1.29 लाख हेक्टेयर बढ़कर 2025-26 के सीजन में 7.37 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया और मौसम की हालत भी फसल के लिए अनुकूल रही। 

बिजाई क्षेत्र में वृद्धि एवं मौसम की संतोषजनक स्थिति को देखते हुए अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने जौ का घरेलू उत्पादन बढ़कर 18.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो पिछले सीजन के उत्पादन 16.99 लाख टन से 1.61 लाख टन ज्यादा मगर 2023-24 सीजन के शानदार उत्पादन 1913 लाख टन से कम है।

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में 1.84 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक 18.60 लाख टन के उत्पादन एवं 2.50 लाख टन के संभावित आयात के साथ भारत में जौ की कुल उपलब्धता 22.94 लाख टन पर पहुंचेगी।

इसमें से 21 लाख टन का घरेलू उपयोग एवं 10 हजार टन का निर्यात होने की संभावना है जबकि सीजन के अंत में 1.84 लाख टन का अधिशेष  स्टॉक बच सकता है।