उत्तर प्रदेश में रबी फसलों की खरीद की अवधि 8 जुलाई तक बढ़ी

26-Jun-2026 01:14 PM

लखनऊ। केन्द्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं, चना एवं मसूर जैसी रबी कालीन फसलों की खरीद के लिए समय सीमा को 8 जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया है और साथ ही साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के अगले चरण के अंतर्गत 6.18 लाख से अधिक मकानों के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। 

एक आधिकारिक बयान के अनुसार लखनऊ स्थित योजना भवन में केन्द्रीय कृषि मंत्री तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के बीच हुई मीटिंग में इस आशय का निर्णय लिया गया। इस समीक्षा बैठक में केन्द्रीय कृषि मंत्री ने मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान गेहूं तथा दलहनों की खरीद की अवधि बढ़ाने का स्वीकृति पत्र राज्य के मुख्यमंत्री को सौंपा।

इससे उत्तर प्रदेश के उन किसानों को राहत मिलेगी जो अभी तक एमएसपी पर अपने गेहूं, चना एवं मसूर की बिक्री करने में सफल नहीं हो पाए हैं मगर इसे बेचने के इच्छुक हैं।

इन रबी फसलों की खरीद की समयसीमा को 24 जून से बढ़ाकर 8 जुलाई नियत किया गया है। मंडियों में जगह की संकीर्णता, मापतौल में देरी एवं मौसम की प्रतिकूल स्थिति जैसे कारणों से जो किसान अपने उत्पादों की बिक्री से वंचित रह गए हैं उन्हें खरीद अवधि के विस्तार का फायदा मिलेगा। एमएसपी का रास्ता अभी वहां खुला हुआ है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्री के अनुसार गेहूं के कुल घरेलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 38 प्रतिशत के करीब रहता है और वह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा तथा किसानों की बेहतर आमदनी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाता है। उत्तर प्रदेश मसूर का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है और वहां चना का भी अच्छा उत्पादन होता है।