आपूर्ति बढ़ने से कोपरा एवं नारियल तेल की कीमतों में भारी गिरावट
26-Jun-2026 01:45 PM
कोच्चि। जुलाई 2025 में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद से नारियल तेल एवं कोपरा के दाम में नियमित रूप से गिरावट का रुख बना हुआ है। केरल में अब नारियल तेल का दाम घटकर 227 रुपए प्रति किलो तथा कोपरा का भाव गिरकर 131 रुपए प्रति किलो पर आ गया है।
कोचीन ऑयल मर्चेंट्स एसोसिएशन (कोमा) के अध्यक्ष का कहना है कि प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में साबुत नारियल की आपूर्ति तेजी से बढ़ने लगी है।
उधर पड़ोसी राज्यों में कुछ स्टॉकिस्ट कोपरा का भारी स्टॉक अपने पास रखे हुए हैं ताकि बाजार में इसका कृत्रिम अभाव उत्पन्न हो सके और इसकी कीमतों में तेजी का माहौल बन सके।
लेकिन शानदार उत्पादन के कारण भरपूर आपूर्ति एवं उपलब्धता होने से कोपरा एवं नारियल तेल के दाम में जोरदार तेजी आना मुश्किल लगता है।
उधर तमिलनाडु में नारियल तेल का भाव घटकर 191.75 रुपए प्रति किलो तथा कोपरा का दाम गिरकर 127 रुपए प्रति किलो पर आ गया है।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 में नारियल तेल की कीमत उछलकर 393 रुपए प्रति किलो तथा कोपरा की कीमत बढ़कर 261 रुपए प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। अब बाजार लगभग स्थिर हो गया है।
