उत्तर प्रदेश में 2.13 लाख टन मिलेट्स की सरकारी खरीद
09-Mar-2026 04:26 PM
लखनऊ। खुला बाजार भाव नीचे रहने के कारण उत्तर प्रदेश के किसान इस बार सरकारी क्रय केन्द्रों पर अपने मिलेट्स का स्टॉक बेचने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वहां न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इसकी खरीद की जा रही है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान किसानों से कुल 2.13 लाख टन मिलेट्स की खरीद हुई जिसमें 43,652 टन ज्वार तथा 12,208 टन मक्का भी शामिल है। खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुविधाजनक है जिससे किसानों को अपना माल बेचने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।
उत्तर प्रदेश में मिलेट्स की खरीद 33 जिलों में ज्वार की 11 जिलों में तथा मक्का की खरीद 25 जिलों में की गई। मालदंडी ज्वार का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 3749 रुपए प्रति क्विंटल, हाइब्रिड ज्वार का 3099 रुपए प्रति क्विंटल, मिलेट्स का 2775 रुपए प्रति क्विंटल तथा मक्का का एमएसपी 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।
अपने उत्पाद की बिक्री के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 90,513 किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था जिसमें से 54,253 किसान अपना उत्पाद बेच चुके हैं और किसानों को अब तक 598 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है।
