उर्वरकों की मांग एवं आपूर्ति लगभग संतुलित
01-Dec-2025 04:14 PM
नई दिल्ली। पिछले माह (नवम्बर) के शुरूआती तीन सप्ताहों के दौरान रासायनिक उर्वरकों (खाद) की बिक्री में 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
इसके तहत यूरिया की बिक्री में 12 प्रतिशत तथा डीएपी खाद की बिक्री में 7 प्रतिशत का इजाफा हुआ। दूसरी ओर मुरिएट ऑफ पोटाश (एमओपी) की बिक्री स्थिर रही जबकि अन्य उर्वरकों की बिक्री में 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
लेकिन आंकड़ों का गहराई से विश्लेषण करने से पता चलता है कि नवम्बर के प्रथम सप्ताह में उर्वरकों की बिक्री में दोगुनी बढ़ोत्तरी हुई लेकिन बाद के दो सप्ताहों में बिक्री 12 प्रतिशत घट गई और किसानों ने उर्वरकों की समुचित आपूर्ति नहीं होने की शिकयत भी की।
प्राप्त सूचना के अनुसार 1-21 नवम्बर 2025 के दौरान चार प्रमुख श्रेणी के रासायनिक उर्वरकों की कुल बिक्री 47.17 लाख टन पर पहुंची जबकि पिछले साल की इसी अवधि में 44.52 लाख टन दर्ज की गई थी।
इसके तहत यूरिया की बिक्री 20.95 लाख टन से बढ़कर 23.42 लाख टन तथा डीएपी की बिक्री 10.53 लाख टन से सुधरकर 11.29 लाख टन पर पहुंची।
एमओपी की बिक्री 1.67 लाख टन पर स्थिर रही लेकिन काम्प्लैक्स खाद की बिक्री 11.37 लाख टन से घटकर 10.79 लाख टन रह गई।
रबी सीजन में गेहूं, जौ, मक्का, ज्वार, चना, मसूर, मटर एवं सरसों आदि की खेती बड़े पैमाने पर होती है और इन सभी फसलों को रासायनिक खाद की जरूरत पड़ती है। गेहूं को इसकी ज्यादा आवश्यकता होती है क्योंकि इसका क्षेत्रफल सबसे ज्यादा रहता है।
