दिसम्बर माह के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित

28-Nov-2025 08:55 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीनस्थ प्रकोष्ठ- चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने दिसम्बर 2025 के दौरान  घरेलू प्रभाग में बेचने के लिए सम्पूर्ण देश के मिलर्स के लिए 22 लाख टन चीनी का कोटा निर्धारित किया है जो नवम्बर के कोटा 20 लाख टन से 2 लाख टन ज्यादा है।

हालांकि दिसम्बर में कोई महत्वपूर्ण पर्व-त्यौहार नहीं मनाया जाता है मगर शादी-विवाद एवं मंगलकारी उत्सवों का सीजन होने से चीनी की मांग एवं खपत बढ़ने की उम्मीद है।

शायद इसे ही ध्यान में रखकर सरकार ने चीनी का कोटा बढ़ाया है। ध्यान देने की बात है कि दिसम्बर में गुड़ का उत्पादन एवं उपयोग भी बढ़ता है।

कुल मिलाकर इस कोटे के कारण घरेलू चीनी बाजार में मांग एवं आपूर्ति के बीच बेहतर संतुलन रह सकता है और कीमतों में तेज उछाल या जोरदार गिरावट आने की संभावना नहीं रहेगी। 

दिसम्बर माह में बिक्री के वास्ते आंध्र प्रदेश के लिए 6596 टन, बिहार के लिए 65,480 टन, छत्तीसगढ़ के लिए 3951 टन, गुजरात के लिए 65,581 टन, हरियाणा के लिए 48,065 टन, कर्नाटक के लिए 4,23,837 टन, मध्य प्रदेश के लिए 40,208 टन,

राजस्थान के लिए 785 टन, तमिलनाडु के लिए 82,282 टन, तेलंगाना के लिए 19,611 टन, उत्तर प्रदेश के लिए 6,56,591 टन तथा उत्तराखंड के लिए 31,755 टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया गया है जो 1 दिसम्बर 2025 से प्रभावी होगा।