दक्षिण भारत में भारी बारिश से दलहन फसलों को नुकसान की आशंका
21-May-2024 12:51 PM
तिरुअनन्तपुरम । दक्षिणी तमिलनाडु और निकटवर्ती श्रीलंका के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है। यह सिस्टम पूर्वी दिशा की ओर बढ़ रहा है जिससे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी तमिलनाडु तथा उत्तरी श्रीलंका के कुछ भागों में अगले 24 से 48 घंटे के अंदर कम दाब का क्षेत्र बढ़ने की संभावना है।
अगले एक दो दिन में यह कम दाब का क्षेत्र एक डिप्रेशन में बदल सकता है और मजबूत तथा सघन होता जाएगा। इसके आबाद अगले 4-5 दिनों में यह आगे बढ़कर एक भयंकर चक्रवाती तूफान के रूप में उड़ीसा तट के पास पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचेगा।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम तथा पश्चिम बंगाल के गंगा सागर क्षेत्र में यह सतह पर आएगा जबकि मध्यवर्ती उड़ीसा तट के नजदीक इस तूफान की तीव्रता ज्यादा रहेगी।
इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण केरल, तमिलनाडु के घाट तथा उसके कई अन्य भागों में भारी से लेकर अत्यन्त भारी वर्षा होने की संभावना है। इससे खासकर दलहन फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना है।
इसके अलावा कर्नाटक में भी दूर दूर तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं। दक्षिणी राज्यों के साथ-साथ पूर्वी भारत के उड़ीसा, बिहार, पश्चिम बांग्ला के गांगेय क्षेत्र तथा झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
अगले तीन चार दिनों में तेज हवा के साथ वर्षा हो सकती है। इधर पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश तथा मुजफ्फराबाद में बारिश होने की उम्मीद है।
