तीनों प्रमुख उत्पादक राज्यों में चीनी के उत्पादन में गिरावट

01-Jan-2025 01:51 PM

नई दिल्ली। सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों के अग्रिम संगठन- नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लि० के नवीनतम आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 2023-24 सीजन की तुलना में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर चीनी का कुल उत्पादन 112.80 लाख टन से 17.70 लाख टन या 15.7 प्रतिशत घटकर 85.10 लाख टन पर अटक गया।

इस अवधि के दौरान देश के तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- महराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी चीनी का उत्पादन घट गया। महाराष्ट्र में क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या भी कम रही। 

फेडरेशन रिपोर्ट के मुताबिक पिछले सीजन के मुकाबले चालू सीजन में अक्टूबर दिसम्बर 2024 की तिमाही के दौरान चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में 34-65 लाख टन से गिरावट 32.60 लाख टन, महाराष्ट्र में 38.20 लाख टन से लुढ़ककर 29.90 लाख टन तथा कर्नाटक में 24.00 लाख टन से घटकर 20.55 लाख टन पर अटक गया।

इसी तरह गुजरात में भी उत्पादन 3.90 लाख टन से गिरकर 2.60 लाख और तमिलनाडु में 2.60 लाख टन से घटकर 95 हजार टन रह गया।

बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड तथा आंध्र-तेलंगाना में भी चीनी का उत्पादन या तो पिछले सीजन के बराबर या उससे कम रहा। 

फेडरेशन के मुताबिक क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या पिछले सीजन की तुलना में वर्तमान सीजन के दौरान उत्तर प्रदेश में 120 से सुधरकर 121 तथा कर्नाटक में 73 से बढ़कर 77 हो गई मगर महाराष्ट्र में 203 से घटकर 190 रह गई।

गुजरात, आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु में भी क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या में कमी आई मगर बिहार में बढ़ गई जबकि पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, तेलंगाना एवं उत्तराखंड में इसकी संख्या गत सीजन के बराबर ही रही।

राष्ट्रीय स्तर पर क्रियाशील चीनी मिलों की संख्या पिछले सीजन के 518 से घटकर इस बार 493 रह गई और उसमें गन्ना की कुल क्रशिंग भी 1229.91 लाख टन से घटकर 1095.65 लाख टन रह गई।