तमिलनाडु के 10-12 जिलों में भारी बारिश की संभावना
25-Jun-2026 09:16 PM
चेन्नई। सुदूर दक्षिण भारतीय राज्य- तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने इसके 10 से अधिक जिलों में 28 जून से भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु के जिन जिलों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं उसमें नीलगिरी, कोयम्बटूर, तिरुपुर, थेनी, डिंडीगुल, तेनकासी, विरुदनगर, तिरुनेल वेल्ली, कन्याकुमारी, तिरुवल्लुर, रानीपेट, बेल्लोर, कांचीपुरम तथा तिरुअन्नामलाई मुख्य रूप से शामिल हैं। वहां 28 जून (रविवार) से बारिश का दौर आरंभ होने की उम्मीद है।
राज्य में 40-50 कि०मी० प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में चलने वाली इस तेज हवा को देखते हुए मछुआरों को गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इस वर्षा से राज्य में खरीफ फसलों की खेती में सहायता मिलेगी।
